Saturday, January 29, 2011

आपकी लेखनी अबाध गति से चलती रहे

                       आज   मैं आप सभी कलम के सजग सिपाहियों  का, मेरे ब्लॉग पर आने और अपने अनमोल कमेंट्स देने का बहुत-बहुत आभार व्यक्त करता हूँ | आप सब  का स्नेह इसी तरह बना रहे ,प्रभु से प्रार्थी हूँ | एक बात और कहना चाहूँगा कि मेरा अपना कम्प्यूटर या लैपटॉप नहीं  है , हाँ ऑफिस में जरूर है |उसी पर कुछ  समय निकालकर थोड़ा-बहुत लिख पढ़ लेता हूँ |
                       मैं ब्लाग पर आप सब का सान्निध्य  पाकर बहुत हर्षित हूँ और इसका पूरा श्रेय जाता है मेरे छोटे सुपुत्र धनञ्जय को | इस समय वह बी. टेक . (आई .टी .) अंतिम वर्ष का छात्र है | अगस्त २०१० में उसने खेल-खेल में ही मेरा ब्लॉग बना दिया | माँ वीणापाणि की उस पर भी कृपा है , वह भी लेख और कवितायें लिखता है जो अपने ब्लॉग 'अधूरे सपने ' पर पोस्ट करता रहता है |
                                       आप सब से, एक दूसरे के  कभी आमने-सामने न होने के बावजूद न जाने कैसा आत्मीय सम्बन्ध जुड़ गया है जो सदैव एहसास दिलाता रहता है कि बहुत दूर-दूर रहते हुए भी हम एक दूसरे के कितने करीब हैं ! हाँ ,कुछ रचनाकार जैसे 'मानवीय सरोकार' के भाई डा० डंडा लखनवी जो कई वर्षों  पूर्व कविमंचों पर अन्तरंग हुआ करते थे, भी मिले | इतने दिनों बाद का पुनर्मिलन बहुत सुखदाई रहा |  जितना पहुँच पाता हूँ ,इस ब्लॉग जगत के लेखकों को पढ़ने का प्रयास करता हूँ | जहाँ वरिष्ठ रचनाकारों को नमन करने का मन करता है, वहीँ दूसरी ओर नवोदित रचनाकारों की अभिव्यक्ति देखकर मन बाग़-बाग़ हो जाता है | स्थापित लेखकों / लेखिकाओं का रचना- संसार इतना व्यापक  दिखता है कि उसमें प्रवेश करते ही खो जाना पड़ता है और यह खो जाना ही असीम आनंद देता है |
                    मैं खुले ह्रदय से स्वीकारता हूँ कि ब्लॉग जगत में आने के बाद मेरा सोया रचनाकार जगा  है | इसका काफी श्रेय आप सब को भी जाता है | आज कोई रचना पोस्ट करने बैठा था मगर पता नहीं क्यों यह सब अपने आप लिख गया | आप  सब को पुनः कोटि-कोटि  धन्यवाद .......बहुत-बहुत हार्दिक शुभ कामनायें | आप सब स्वस्थ रहें , सुखी रहें , सपरिवार सानन्द रहें |

              आपकी लेखनी अबाध गति से चलती रहे , साहित्य को समृद्ध करती रहे , देश और समाज को दिशा देती रहे |


          

Thursday, January 27, 2011

ग़ज़ल ...मीत न बात पुरानी लिख

मीत  न  बात  पुरानी  लिख |
गुम  हो गयी जवानी  लिख |

सूनी मांग   देख   ले  पहले ,
फिर  ग़ज़लें  रूमानी  लिख |

बड़े , बड़प्पन  से   खाली हैं ,
तू भी  अब  मनमानी लिख |

पत्ते  पर है  जान  पिता  की ,
बिटिया  भई  सयानी लिख |

'मोनालिसा' स्वप्न है प्यारे ,
झाँसी  की   मर्दानी   लिख |

लंतरानियों के दिन गुजरे
सच्ची कोई कहानी लिख |

शब्दों की नक्काशी क्या है  ?
दिल की बात जुबानी लिख  |

पहले कुछ करके दिखला फिर 
दुनिया  आनी-जानी  लिख |

सूख रहा चन्दन का बिरवा ,
कहाँ  मिलेगा पानी  लिख  |

इक मछली फँस गयी जाल में
फूट  के  रोया पानी  लिख |

पैबन्दों में देश की अस्मत ,
राजा  की   शैतानी   लिख |

देश के  गद्दारों  के   हिस्से ,
बस चुल्लू भर पानी लिख |

Monday, January 24, 2011

नेता हमें सुभाष चाहिए........ (सुभाष जयंती -२३ जनवरी पर )

देश तो है आज़ाद मगर आज़ादी का आभास चाहिए
                                   नेता हमें सुभाष  चाहिए 

      एक अकेले   अपने  बल पर  जिसने   लड़ी  लड़ाई 
     'आजाद हिंद' के नायक ने खुद अपनी फ़ौज बनाई 
     'दो मुझे खून-आज़ादी दूंगा'   वीर- बाँकुरा   बोला  
     सुनकर  हर   हिन्दुतानी  ने   रँगा    बसंती चोला 
 आज़ादी के लिए समर्पित जीवन की हर साँस चाहिए
 साँस-साँस में देशप्रेम का भाव भरा उच्छ्वास  चाहिए 
                                      नेता हमें सुभाष चाहिए

     आज देश का लोकतंत्र  है फँसा हुआ  दलदल में
     बस कुर्सी हासिल करने की होड़ लगी हर दल में 
     क्रांतिकारियों के   सपनों का   भारत वर्ष कहाँ है 
     मातम ही मातम है    आज़ादी का  हर्ष  कहाँ है 
 उजड़े हुए  चमन में   फिर   से लहराता   मधुमास  चाहिए
 जय 'जय हिंद 'से गुंजित फिर से धरा और आकाश चाहिए 
                                              नेता हमें सुभाष चाहिए   
   


Friday, January 21, 2011

अब इंतज़ार किसका है ?

आशा के उपवन में
बरस पड़े प्रस्तर खंड
अंतस का भाव-भवन
हो गया खण्ड-खण्ड
चिर प्रतीक्षित काल
आया तो ऐसा.....अब इंतज़ार किसका है ?

खिलने से पहले ही
कलियों पर वज्रपात
सस्मित सुमनों के
हँसते ही आघात
कांपती-लरजती बेलि
का अवलंब अब
हो रहा ठूंठ सा
आते ही लौट गया
मधुरिम बसंत
 किन्तु
खेल रहा दुसह खेल
उन्मत्त पतझार
फूलों की लाश पर
हँसता शमसान ....अब इंतज़ार किसका है ?

कविता की सरस धार
पथरीली राहों की
सहती अनवरत मार
कंठ में ही सूख गयी
बूँद-बूँद करके अब
खोल रही
पलकों के बंद द्वार
एक अनजाना भाव
पूंछता जिजीविषा से ..इंतजार किसका है ?
                       .....अब इंतज़ार किसका है ? 
  

Wednesday, January 19, 2011

होय बारह बजे भिनसार ....

(अभी तक मैंने इस ब्लॉग पर जो भी पोस्ट किया - गीत, कविता ,लेख ,हास्य -व्यंग , मुक्तक ,ग़ज़ल आदि सब खड़ी बोली की  रचनाएँ हैं | आज मेरे मन में  अवधी के लालित्य से परिपूर्ण एक पुराने 'जाड़ा गीत' की  कुछ पंक्तियाँ अनायास ही आ गयीं , मोह संवरण न कर सका | आज वही - इस ब्लॉग पर अवधी की पहली रचना प्रस्तुत कर रहा हूँ | )

कांपि गवा हड्डी कै ढाँचा कट-कट  बोलैं दाँत
हाथ-पाँव सब सुन्न होइ गवा जाड़ा कै उत्पात
           होय बारह बजे भिनसार , उठे हैं बाबूजी
           लाख कोस होइगा दुआर  , उठे हैं बाबूजी

गरम नाश्ता चाय चाहिए पड़े-पड़े  चरपाई
छूटि जाय संसार मुला न छूटै गरम रजाई
          कोऊ बाँधि गवा पाँव मा पहार ,उठे हैं बाबूजी
          लाख   कोस   होइगा दुआर ,उठे हैं    बाबूजी

भोर नहान जानि पंडितजी  हाथ-पाँव  सब सूजा
यक लोटा पानी मा होइगा स्नान,ध्यान औ पूजा
          करैं जोर-जोर राम कै पुकार ,उठे हैं बाबूजी
          लाख कोस  होइ   गा दुवार,   उठे हैं बाबूजी

राति-बिराति द्वार जौ खटकै मुश्किल होइगा उठना
धोती कौन बिसात   हारिगा  यहिसे  ऊनी   सुथना
                कांपै थर-थर देहियाँ कै भार, उठे हैं बाबूजी
               लाख कोस  होइगा  दुवार,  उठे हैं   बाबूजी

झूरि लकड़िया हरियर होइगय चलिगय मस्त बयरिया
पियर  चुनरिया   धरती पहिरे    फूलि  रही सरसोइया
                    ऋतुराज खटकावें दुआर , उठे हैं    बाबूजी
                    होय बारह बजे  भिनसार , उठे हैं   बाबूजी

Friday, January 14, 2011

जो कहना है कहते जाएँ

क्यों उलझें  हम शब्दजाल में  | 
 सुलझे-अनसुलझे    सवाल   में |
सागर की लहरों पर चढ़कर ,
चल  पानी  सा    बहते    जाएँ | जो कहना है कहते जाएँ
आग लगी है   नंदन वन   में   |
ताप-ताप हर घर आँगन में |
जलते   जीवन  की   बेला में ,
कैसे    राग मल्हार     सुनाएँ | गर दहना है दहते जाएँ
फूलों   में   तेज़ाब      भरा  है |
फिर भी उपवन  हरा-भरा है |
भँवरों की साजिश में फँसती ,
तितली को  कैसे    समझाएँ | सिर धुनना है धुनते जाएँ
सूनी   माँग    दर्द     ढोती  है |
सुन्दरता    बेबस     रोती   है |
चेहरे  पर   मरुथल  फैला है ,
फिर   कैसे    श्रृंगार   सजाएँ | बहते नैना बहते जाएँ
भावों  का    पंछी    बेपर   है |
और    कल्पना  भी बेघर है |
शब्द   हो   गए     गूंगे-बहरे ,
कैसे  कोई   गीत     सुनाएँ | जो सहना है सहते जाएँ 

Monday, January 10, 2011

कैसे अपना गाँव बचे अब कैसे अपना देश ?

कैसे अपना गाँव बचे अब कैसे अपना देश ?
      जुर्म दहेजी प्रथा कागजी बंधन दिया बनाय |
      अख़बारों की सुर्खी देखो   बहुएँ  रहे जलाय |
लाखों में दूल्हों की बिक्री  ऊपर से  परहेज ?
कैसे अपना गाँव बचे अब कैसे अपना देश ?
     नित्य निमंत्रण बाँट-बाँट वे करवाते हैं भोज |
     घर के बच्चे भूँखों मरते मना रहे हम मौज |
घर की शांति खोजने जाते हैं हम  रोज विदेश |
कैसे अपना गाँव बचे   अब    कैसे   अपना देश ?
     मद्यपान विषपान सरीखा  कहता  एक   विभाग |
     नित्य नयी ठेकी शराब की फ़ैल रही है आग |
आग लगाकर कुँवा खुदाते हैं  काले अंग्रेज |
कैसे अपना गाँव बचे अब कैसे अपना देश ?
     बालवर्ष में मरा भूख से सुरसतिया का लाल |
     युवावर्ष में कटा रेल पर पढ़ा-लिखा धनलाल |
महिलावर्ष नदी में कूदी धनिया बिखरे केश |
कैसे अपना गाँव बचे अब कैसे अपना देश ?
     इक्कीसवीं सदी का हल्ला- उन्नति करे मशीन |
     शाही शिक्षानीति  -  अमीरी  उच्चासन   आसीन |
खड़ी गरीबी गाँव निगलती धरे भयंकर भेष |
कैसे अपना  गाँव बचे  अब  कैसे  अपने  देश ?

Tuesday, January 4, 2011

दहेज़ - नेता उवाच

लेना   और  देना   दहेज़  -  जुर्म    दोनों  है ,
कागज की बातें हैं   कागज में  रहने   दो |
या तो हो शामिल या फिर तुम मौन रहो ,
जो सहने के आदी हैं- सहते हैं, सहने दो |
कौन  रोक  पाया है   कौन   रोक  पायेगा ?
झंझट  न  पालो   गंग  बहती है,  बहने  दो |
रहना    है  शासन   में    कुर्सी    बचानी  है ,
भाषण की   बातें हैं , भाषण   में  कहने दो |

Saturday, January 1, 2011

आओ हे नव वर्ष........

आओ  हे  नव वर्ष   तुम्हारा  स्वागत है |
घर-घर  भर दो हर्ष तुम्हारा स्वागत है  |
      आये कितने  वर्ष  और  फिर चले गए |
      किन्तु सदा से बस गरीब ही छले गए |
      महके बहुत गुलाब यहाँ के उपवन में ,
      पर  मुरझाये  फूल   पाँव  के तले  गए |
आहत है गत वर्ष तुम्हारा स्वागत है |
आओ हे नव वर्ष  तुम्हारा स्वागत है |
        मनुज, मनुज के  लिए न खाई खोदे ,
        मनुज, मनुज के लिए  न काँटे  बोये |
        फिर से कृष्ण  सुदामा के चरणों को ,
        नयनों के जल से प्रेम थाल में धोएं  |
जीवन हो उत्सर्ग तुम्हारा स्वागत है |
आओ हे नव वर्ष तुम्हारा स्वागत है |